राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां खुहड़ी थाना क्षेत्र के कोरवा गांव में दहेज, अंधविश्वास और पुश्तैनी जमीन के लालच में ससुराल वालों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। शादी के 14 साल बाद एक महिला को उसके ही ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। 90 फीसदी से ज्यादा झुलस चुकी इस विवाहिता ने जोधपुर के अस्पताल में तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, ससुर, सास और जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है।

जेठानी की खौफनाक साजिश: जमीन के लिए नहीं होने दी संतान

मृतका हिना के पिता पुरखाराम भील (निवासी माणपिया) पेशे से सरकारी शिक्षक हैं। उन्होंने अपनी बेटी की शादी 29 जून 2012 को कोरवा गांव के भगवानाराम के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जाने लगीं। सबसे चौंकाने वाला आरोप जेठानी अमृता देवी पर लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुश्तैनी जमीन हड़पने की नीयत से जेठानी नहीं चाहती थी कि हिना मां बने। इसके लिए हिना को धोखे से गर्भपात की दवाइयां और अन्य संदिग्ध चीजें खिलाई जाती थीं, जिससे उसकी सेहत लगातार बिगड़ती चली गई।

अंधविश्वास और दहेज में कार की मांग

ससुराल वालों की प्रताड़ना सिर्फ यहीं नहीं रुकी। परिवार वाले अंधविश्वास के जाल में फंसे हुए थे और इलाज के बहाने हिना को जबरन स्थानीय 'माता के थान' पर ले जाते थे। वहां तांत्रिक क्रियाओं और टोने-टोटकों के जरिए उसे मानसिक रूप से डराया-धमकाया जाता था। इसके अलावा, मायके वालों ने दो साल पहले एक कार खरीदी थी, जिसे दहेज के रूप में ससुराल लाने के लिए हिना पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।

रात 1 बजे दिया वारदात को अंजाम, 90% झुलसी हिना

पुलिस के अनुसार, लालच और क्रूरता से भरे आरोपियों ने 21 सितंबर की रात करीब 1 बजे इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने हिना के ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इस आग में हिना 90 प्रतिशत तक झुलस गई। सूचना मिलते ही खुहड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में हिना को पहले जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर उसे जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल (MDM) रेफर कर दिया गया।

24 सितंबर को तोड़ा दम, 4 आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर में इलाज के दौरान 24 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे हिना जिंदगी की जंग हार गई। खुहड़ी थाना प्रभारी भागु राम ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति भगवानाराम, ससुर सोनाराम, सास लसमो देवी और जेठानी अमृता देवी को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है।