सवाई माधोपुर जिले के भगवतगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। त्रिलोकपुरा अंडरपास के पास मिर्ची से भरा एक ट्रक (केंटर) अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे में वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुबह 6 बजे मिली दुर्घटना की सूचना
भगवतगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी दीपक शर्मा के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 270.5 पर त्रिलोकपुरा अंडरपास के पास मिर्ची से भरा केंटर दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे के बाद अंडरपास के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अंडरपास से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया।
महाराष्ट्र के युवक की मौके पर मौत
हादसे में महाराष्ट्र के जलगांव निवासी 24 वर्षीय सोनू शेख पुत्र आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ मौजूद अयान गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल सवाई माधोपुर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के सवाई माधोपुर पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंपा जाएगा।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।