दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: मिर्ची से भरा ट्रक अंडरपास में गिरा, एक युवक की मौत
सवाई माधोपुर के भगवतगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मिर्ची से भरा ट्रक अंडरपास में गिर गया। हादसे में महाराष्ट्र के जलगांव निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सवाई माधोपुर जिले के भगवतगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। त्रिलोकपुरा अंडरपास के पास मिर्ची से भरा एक ट्रक (केंटर) अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे में वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुबह 6 बजे मिली दुर्घटना की सूचना
भगवतगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी दीपक शर्मा के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 270.5 पर त्रिलोकपुरा अंडरपास के पास मिर्ची से भरा केंटर दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे के बाद अंडरपास के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अंडरपास से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया।