पाली जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल महेंद्र मीणा (28) की मौत हो गई। हादसा खोड़-जवाली रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेंद्र मीणा बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर रानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बूसी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
रानी थाना एसएचओ आनंद कुमार के अनुसार, महेंद्र मीणा पाली पुलिस लाइन में तैनात थे और बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस लाइन प्रभारी लता बेगड़ ने बताया कि महेंद्र मीणा पिछले करीब ढाई साल से पाली पुलिस लाइन में कार्यरत थे। वह पिछले 22 दिनों से गैरहाजिर चल रहे थे और विभाग के पास उनकी गैरहाजिरी के कारणों की कोई जानकारी नहीं थी।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र मीणा के पिता भी पुलिस विभाग में सेवा दे चुके हैं। महेंद्र की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। उनकी असमय मौत की खबर से परिवार और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।