बालोतरा जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में बारात का रास्ता रोककर फायरिंग और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 8 जून को रोहिला गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, बाड़मेर के शौभाला जैतमाल निवासी अशोक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मुकलावे की बारात के साथ ट्रैक्टर में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान रोहिला पूर्व गांव के पास एक काले रंग की फॉर्च्यूनर में सवार कुछ लोगों ने ट्रैक्टर के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने ट्रैक्टर की चाबी छीन ली और जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से तीन फायर किए। एक गोली अशोक कुमार की उंगली में लगी, जबकि दूसरी घुटने के पास से निकल गई। तीसरी गोली सड़क में धंस गई। इसके बाद आरोपियों ने लाठियों से हमला कर घायल कर दिया।
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रोहिला पश्चिम और सेड़वा क्षेत्र के धोरों में रात के समय पैदल सर्च अभियान चलाया। इस दौरान रामनारायण पुत्र लाधुराम और देवाराम पुत्र रामनिवास निवासी शौभाला जैतमाल को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।