खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी नगर परिषद में शुक्रवार को कचरा डंपिंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा के साथ कथित रूप से हाथापाई, थप्पड़ और धक्का-मुक्की की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक सफाई निरीक्षक को थप्पड़ मारता और उनकी कॉलर पकड़कर धक्का देता दिखाई दे रहा है।

डंपिंग यार्ड विवाद से बढ़ा मामला

जानकारी के अनुसार, ऑटो टिपर चालक एक्सचेंज डंपिंग यार्ड में कचरा नहीं डाल पाने की शिकायत लेकर नगर परिषद पहुंचे थे। उनका आरोप है कि ग्रामीण उन्हें कचरा डालने से रोक रहे हैं, जबकि अधिकारी जबरन वहीं भेज रहे हैं और विरोध करने पर काम से निकालने की धमकी दे रहे हैं।

विवाद बढ़ने पर सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा ने नगर परिषद का मुख्य गेट बंद कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

वीडियो में दिखी मारपीट

घटना के वायरल वीडियो में एक युवक सफाई निरीक्षक के सिर पर थप्पड़ मारता है। इसके बाद वह उनकी कॉलर पकड़कर धक्का देता है और गला पकड़ने की भी कोशिश करता है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।

ड्राइवरों का आरोप- ग्रामीणों ने नहीं डालने दिया कचरा

पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र विधूड़ी ने बताया कि 24 जून को जब ऑटो टिपर चालक रामपुर मुंडाणा स्थित एक्सचेंज डंपिंग यार्ड में कचरा डालने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें रोक दिया। अगले दिन सफाई निरीक्षक के सामने भी ग्रामीणों और महिलाओं ने विरोध किया और कथित रूप से हाथापाई की।

शुक्रवार को फिर से डंपिंग यार्ड भेजे जाने पर चालक दोबारा वापस लौट आए और नगर परिषद पहुंचकर विरोध जताया।

सफाई निरीक्षक ने लगाए हमले के आरोप

सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा ने आरोप लगाया कि कुछ ऑटो टिपर चालक लापरवाही से काम कर रहे थे, जिन्हें सुबह समझाया गया था। दोपहर में देवेंद्र विधूड़ी के नेतृत्व में कुछ लोग नगर परिषद पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला लगाने की कोशिश की। रोकने पर उनके साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की गई। कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

नगर परिषद के बाहर फैला दिया कचरा

विवाद के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दो ऑटो टिपरों का कचरा नगर परिषद के मुख्य गेट के सामने फैला दिया। अन्य टिपरों को भी वहीं खड़ा कर उनकी चाबियां अपने साथ ले गए, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया।

पुलिस और प्रशासन ने लिया संज्ञान

सूचना मिलने पर भिवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी वहां से जा चुके थे।

भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि नगर परिषद अधिकारियों से बातचीत की गई है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि नगर परिषद कर्मचारी के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामला दर्ज कराया जाएगा।