बालोतरा जिले के गुड़ामालानी इलाके में एक पूर्व सरपंच को हनीट्रैप का शिकार बनाकर लाखों रुपए ऐंठने के हाई-प्रोफाइल मामले में गुरुवार को बड़ा ड्रामा देखने को मिला। बुधवार रात पुलिस गिरफ्त में आई इस मामले की मास्टरमाइंड (महिला आरोपी) पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 6 घंटे की सघन तलाशी के बाद उसे एक सुनसान इलाके से दोबारा दबोच लिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों से सख्ती से पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तारी के 7-8 घंटे बाद ही थाने से हो गई थी रफूचक्कर

डीएसपी सुमेरसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व सरपंच की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार रात महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन गिरफ्तारी के महज 7-8 घंटे बाद ही, गुरुवार सुबह यह शातिर महिला पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर थाने से पैदल ही भाग निकली। महिला के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत कई टीमें उसकी तलाश में लगा दी गईं।

कांधी की ढाणी के पास सुनसान इलाके से दोबारा हुई गिरफ्तारी

महिला की तलाश में पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर नाकाबंदी की और करीब 6 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार, थाने से करीब 3 किलोमीटर दूर 'कांधी की ढाणी' के पास एक सुनसान जगह पर महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई। उसे तुरंत वापस थाने लाया गया और हवालात में बंद कर दिया गया।

इंस्टाग्राम पर बिछाया जाल, 15 अगस्त की रात दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित पूर्व सरपंच ने पुलिस को बताया कि इस पूरी खौफनाक साजिश की शुरुआत इंस्टाग्राम से हुई थी। महिला ने पहले सोशल मीडिया के जरिए उससे दोस्ती बढ़ाई और उसे अपने झांसे में लिया। 15 अगस्त की रात जब सरपंच सांचौर से वापस लौट रहे थे, तो उन्होंने रास्ते में इस महिला को अपनी गाड़ी में लिफ्ट दे दी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे महिला के साथियों ने पिस्टल की नोक पर सरपंच की गाड़ी रुकवाई और उनका अपहरण कर लिया।

निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, चुनाव लड़ने पर दी वायरल करने की धमकी

अपहरणकर्ता सरपंच को अगवा कर एक सुनसान जगह ले गए, जहां उन्होंने सरपंच को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटा और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने इस वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करना शुरू किया और 50 लाख रुपए की भारी-भरकम रंगदारी मांगी। बदमाशों ने सरपंच को साफ धमकी दी कि अगर उसने भविष्य में कोई चुनाव लड़ा, तो वे यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।

1.73 लाख लूटे, अब पुलिस खंगाल रही कुंडली

आरोपियों ने 50 लाख की मांग के साथ ही उस रात नकद और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए सरपंच से कुल 1 लाख 73 हजार रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद वे पीड़ित को धोरीमन्ना रोड पर फेंककर मौके से फरार हो गए।

फिलहाल गुड़ामालानी पुलिस पकड़े गए सभी चारों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड (क्राइम हिस्ट्री) को भी खंगाल रही है, ताकि इस हनीट्रैप गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी पर्दाफाश हो सके।