सरपंच को निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, गिरफ्तार होने के 8 घंटे बाद ही थाने से फरार हुई लेडी डॉन!
बालोतरा के गुड़ामालानी में पूर्व सरपंच को हनीट्रैप में फंसाकर 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार महिला आरोपी थाने से फरार हो गई। 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे कांधी की ढाणी के पास से दोबारा गिरफ्तार किया। जानिए पूरी खौफनाक साजिश की कहानी...
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी इलाके में एक पूर्व सरपंच को हनीट्रैप का शिकार बनाकर लाखों रुपए ऐंठने के हाई-प्रोफाइल मामले में गुरुवार को बड़ा ड्रामा देखने को मिला। बुधवार रात पुलिस गिरफ्त में आई इस मामले की मास्टरमाइंड (महिला आरोपी) पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 6 घंटे की सघन तलाशी के बाद उसे एक सुनसान इलाके से दोबारा दबोच लिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों से सख्ती से पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तारी के 7-8 घंटे बाद ही थाने से हो गई थी रफूचक्कर
डीएसपी सुमेरसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व सरपंच की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार रात महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन गिरफ्तारी के महज 7-8 घंटे बाद ही, गुरुवार सुबह यह शातिर महिला पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर थाने से पैदल ही भाग निकली। महिला के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत कई टीमें उसकी तलाश में लगा दी गईं।
कांधी की ढाणी के पास सुनसान इलाके से दोबारा हुई गिरफ्तारी
महिला की तलाश में पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर नाकाबंदी की और करीब 6 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार, थाने से करीब 3 किलोमीटर दूर 'कांधी की ढाणी' के पास एक सुनसान जगह पर महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई। उसे तुरंत वापस थाने लाया गया और हवालात में बंद कर दिया गया।