राजस्थान के सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुरुवार रात सड़क हादसों की श्रृंखला देखने को मिली। अलग-अलग तीन घटनाओं में महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है।

दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार को पिकअप ने मारी टक्कर

पहला हादसा रींगस के सिंगोद मोड़ के पास हुआ। लखनऊ निवासी श्रद्धालु परिवार निर्जला एकादशी पर खाटूश्यामजी के दर्शन कर जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मंजू तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो युवतियां घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

श्याम भक्तों से भरे टेंपो को दूध के कंटेनर ने मारी टक्कर

दूसरा हादसा रींगस में NH-52 पर सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो को दूध के कंटेनर ने टक्कर मार दी।

इस हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से 6 की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

क्रेन चालक ने दिखाई मानवता

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद रिकवरी क्रेन चालक सोहनलाल यादव ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से एक श्रद्धालु की मौत

तीसरी घटना ठिकरिया के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने एक श्रद्धालु को टक्कर मार दी। हादसे में श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

पुलिस जांच में जुटी

तीनों हादसों की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और सभी मामलों में दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।