खाटूश्यामजी दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, महिला की मौत... अलग-अलग हादसों में 13 घायल
सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में NH-52 पर गुरुवार रात हुए अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए।
राजस्थान के सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर गुरुवार रात सड़क हादसों की श्रृंखला देखने को मिली। अलग-अलग तीन घटनाओं में महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है।
दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार को पिकअप ने मारी टक्कर
पहला हादसा रींगस के सिंगोद मोड़ के पास हुआ। लखनऊ निवासी श्रद्धालु परिवार निर्जला एकादशी पर खाटूश्यामजी के दर्शन कर जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मंजू तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो युवतियां घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।