राजस्थान में 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत राजधानी जयपुर में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने प्रताप नगर हल्दीघाटी गेट स्थित रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल्स का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान नामी फूड चेन KFC और बर्गर फार्म में भारी लापरवाही, गंदगी और दूषित खाद्य सामग्री पाई गई।

KFC में चिलर से आ रही थी बदबू, जला हुआ ओवन

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि KFC आउटलेट की जांच में नॉनवेज खाद्य पदार्थों का रखरखाव तय तापमान पर नहीं मिला। खुली प्लास्टिक थैलियों में चिलर के अंदर रखे नॉनवेज से तीखी दुर्गंध आ रही थी। जिस ओवन में नॉनवेज तैयार किया जा रहा था, उसमें कई दिनों से जला हुआ खाना चिपका था और उसकी सफाई नहीं की गई थी। इसके अलावा मेयोनीज और सॉस की बोतलों पर कोई लेबलिंग नहीं थी और फूड लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं था। टीम ने फ्रेंच फ्राइज तलने वाले रिफाइंड पामोलीन तेल के सैंपल जांच के लिए लेकर फर्म को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है।

बर्गर फार्म में 7 दिन पुरानी सब्जियां नष्ट कराईं

बर्गर फार्म के निरीक्षण में टीम को सात दिन पहले काटकर पैक की गई पत्तागोभी और प्याज मिली, जिसे बर्गर बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा था। इस दूषित सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। यहां डीप फ्रिज और कोल्ड स्टोरेज का तापमान भी मानकों के अनुसार नहीं था और लंबे समय से इस्तेमाल हो रहे कुकिंग ऑयल का सैंपल जांच के लिए लिया गया।

20 फूड स्टॉल्स को सख्त निर्देश

टीम ने हल्दीघाटी चौपाटी स्थित करीब 20 फूड स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया और दुकानदारों को पनीर टिक्का व मोमोज में हानिकारक फूड कलर न मिलाने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, फूड लाइसेंस डिस्प्ले करने और साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।