जयपुर में KFC और बर्गर फार्म पर स्वास्थ्य विभाग का छापा: दुर्गंध मारता नॉनवेज और 7 दिन पुरानी कटी सब्जियां मिलीं, थमाया नोटिस !
जयपुर के प्रतापनगर स्थित हल्दीघाटी चौपाटी पर स्वास्थ्य विभाग ने 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत KFC और बर्गर फार्म पर छापा मारा। निरीक्षण में KFC में बदबूदार नॉनवेज और बिना लेबल की सॉस मिली, वहीं बर्गर फार्म में 7 दिन पुरानी कटी पत्तागोभी और प्याज को नष्ट कराया गया। टीम ने खराब तेल के सैंपल लेकर नोटिस जारी किया है।
राजस्थान में 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत राजधानी जयपुर में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने प्रताप नगर हल्दीघाटी गेट स्थित रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल्स का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान नामी फूड चेन KFC और बर्गर फार्म में भारी लापरवाही, गंदगी और दूषित खाद्य सामग्री पाई गई।
KFC में चिलर से आ रही थी बदबू, जला हुआ ओवन
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि KFC आउटलेट की जांच में नॉनवेज खाद्य पदार्थों का रखरखाव तय तापमान पर नहीं मिला। खुली प्लास्टिक थैलियों में चिलर के अंदर रखे नॉनवेज से तीखी दुर्गंध आ रही थी। जिस ओवन में नॉनवेज तैयार किया जा रहा था, उसमें कई दिनों से जला हुआ खाना चिपका था और उसकी सफाई नहीं की गई थी। इसके अलावा मेयोनीज और सॉस की बोतलों पर कोई लेबलिंग नहीं थी और फूड लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं था। टीम ने फ्रेंच फ्राइज तलने वाले रिफाइंड पामोलीन तेल के सैंपल जांच के लिए लेकर फर्म को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है।