जयपुर के व्यस्ततम बाजारों में शामिल किशनपोल बाजार में गुरुवार (25 जून) को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हरसुख कासलीवाल के रास्ते स्थित मकान नंबर 1312 में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज बारिश के बीच लोहे का भारी-भरकम जाल अचानक टूटकर सड़क के बीचों-बीच गिर गया।

गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर या वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के बाद कुछ देर तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

अवैध निर्माण पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि संबंधित मकान में पिछले कई महीनों से बिना वैध निर्माण अनुमति के बड़े स्तर पर काम चल रहा था, लेकिन नगर निगम ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच की जाती और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाता, तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।

नगर निगम की निगरानी पर सवाल

इस घटना ने नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि अवैध निर्माण की जानकारी होने के बावजूद प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की। अब स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और निर्माण कार्य की जांच की मांग की है।

बाल-बाल बचे लोग

घटना ऐसे समय हुई जब बाजार में लोगों की आवाजाही रहती है। सौभाग्य से लोहे का जाल गिरते समय वहां कोई मौजूद नहीं था। यदि यह हादसा कुछ देर पहले या बाद में होता, तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।