दिल्ली में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी से रेप और हत्या के सनसनीखेज मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई अहम और चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी न केवल आपराधिक प्रवृत्ति का था, बल्कि उसकी जीवनशैली भी बेहद संदिग्ध थी।

कॉल गर्ल्स बुलाने और रेड लाइट एरिया जाने का खुलासा

जांच में सामने आया कि आरोपी अक्सर IRS अफसर के बंगले पर कॉल गर्ल्स को बुलाता था। इतना ही नहीं, वह अलवर आने पर वहां के रेड लाइट एरिया में भी जाता था। पुलिस को इसके पुख्ता सबूत मिले हैं।

अलवर पुलिस ने आरोपी का एक मोबाइल फोन दिल्ली पुलिस को सौंपा है, जिसे उसने करीब एक महीने पहले 45 हजार रुपए में खरीदा था। इस फोन में कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना है।

जुए का आदी था आरोपी

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेम्स जैसे लूडो के जरिए जुआ खेलता था और इसमें भारी रकम हार जाता था। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए वह चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देता था।पुलिस के अनुसार, उसने घटना के दौरान घर से गहने और नकदी भी लूट ली थी।

परिवार के सामने ‘शरीफ’ बना रहता था

आरोपी अपने परिवार के सामने खुद को बेहद साधारण और शरीफ दिखाता था। उसके पिता भी पहले दिल्ली में एक अफसर के यहां नौकरी करते थे। उसी जान-पहचान के आधार पर आरोपी को IRS अफसर के घर काम पर रखा गया था।वह करीब 8 महीने तक वहां काम करता रहा, लेकिन एक महीने पहले खर्चों में गड़बड़ी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

वारदात की पूरी कहानी

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 22 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 से 7:15 बजे के बीच हुई। उस समय युवती घर में अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता रोज की तरह जिम गए हुए थे।इसी दौरान आरोपी घर में घुसा, युवती के साथ रेप किया और फिर मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।जब माता-पिता लौटे, तो उन्होंने बेटी का शव कमरे में पाया। युवती UPSC की तैयारी कर रही थी।

अलवर में भी रेप का मामला

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने वारदात से एक दिन पहले, 21 अप्रैल की रात करीब 11 बजे, अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला से भी बलात्कार किया था।इस मामले में राजगढ़ थाने में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान हो चुका है।

पुलिस जांच जारी

अलवर एसपी सुधीर चौधरी के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस टीम दिल्ली पहुंची हुई है। मामले में कई और खुलासे होने की संभावना है।पुलिस ने आरोपी के परिवार के कुछ सदस्यों को भी शुरुआती जांच में हिरासत में लिया था और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।