राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को भी मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना हुआ है। इसका असर राजस्थान के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। झालावाड़ में 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
भीलवाड़ा में नदियां उफान पर
भीलवाड़ा में मंगलवार रात हुई तेज बारिश के बाद बनास और बेड़च नदियों में पानी की आवक बढ़ गई। कई जगह नदी और नालों का पानी पुलियाओं के ऊपर से बहने लगा।
बनास नदी में पारोली, चैनपुरा और काछोला क्षेत्र की पुलियाओं पर करीब ढाई फीट पानी बह रहा है। इसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मांडलगढ़ और आसपास के इलाकों में हुई बारिश के बाद नदी में पानी की अच्छी आवक हुई। कई जगह रास्तों पर पानी आने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
बेड़च नदी का पानी पुलिया के ऊपर पहुंचा
कोटड़ी क्षेत्र के सवाईपुर और बड़लियास में भी रातभर तेज बारिश हुई। बारिश के बाद बेड़च नदी उफान पर आ गई और पुलिया पर करीब तीन फीट तक पानी पहुंच गया।
पुलिया पर पानी आने के बाद बड़लियास-बरुदनी मार्ग बंद हो गया। इसके चलते भीलवाड़ा से चित्तौड़गढ़ का संपर्क भी प्रभावित हुआ।
स्थिति को देखते हुए बड़लियास थाना पुलिस का जाप्ता पुलिया पर तैनात किया गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई।
किसानों के चेहरे खिले
लगातार बारिश से जहां कई जगह आवागमन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बारिश से खेतों में पानी की अच्छी आवक हुई है और खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
12 अगस्त को इन संभागों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 12 अगस्त को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक-दो जगह अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
13 अगस्त से कम होगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त से प्रदेश में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो जगह भारी बारिश हो सकती है।
14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।
वहीं 15 अगस्त से उत्तर और उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर कमजोर पड़ सकता है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, फलोदी, जोधपुर, नागौर, चूरू, बीकानेर, अजमेर-ब्यावर, पाली, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूम्बर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और राजसमंद जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है