राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क हादसे के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। गोठड़ा थाना क्षेत्र में स्थित श्री सीमेंट प्लांट के बाहर ट्रेलर की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सीमेंट प्लांट के मुख्य गेट पर धरना देकर मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग की। बाद में भीड़ के प्लांट परिसर में घुसने की कोशिश करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें बाहर खदेड़ दिया।

ट्रेलर की टक्कर से किसान की मौत

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे गोठड़ा स्थित श्री सीमेंट प्लांट में प्रवेश कर रहे एक ट्रेलर ने बाइक सवार किसान ओमप्रकाश (43) निवासी धींवा की ढाणी, टोडपुरा को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

ग्रामीणों ने प्लांट के बाहर शुरू किया धरना

गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सीमेंट प्लांट के बाहर एकत्र हुए। उनका आरोप था कि ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा, ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई और प्लांट के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग रखी।

वार्ता विफल, प्लांट में घुसी भीड़

सुबह कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। दोपहर करीब 12:30 बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने प्लांट का गेट खोलकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान भगदड़ मच गई और कुछ लोगों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना है।

महिला की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल भेजा गया

हंगामे के दौरान मृतक ओमप्रकाश की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। बाद में कुछ महिलाओं ने भी प्लांट में प्रवेश की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

चार थानों का पुलिस बल तैनात

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नवलगढ़, मुकुंदगढ़, गुढ़ा और गोठड़ा थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

पुलिस कर रही जांच

डीएसपी सुगन सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों से लगातार बातचीत की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ट्रेलर और उसके चालक की तलाश कर रही है। मृतक ओमप्रकाश अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं और खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।