Jhunjhunu Accident: ट्रेलर की टक्कर से किसान की मौत, मुआवजे की मांग पर सीमेंट प्लांट के बाहर हंगामा... पुलिस ने किया लाठीचार्ज
झुंझुनूं के गोठड़ा क्षेत्र में सीमेंट प्लांट के बाहर ट्रेलर की चपेट में आने से किसान की मौत के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क हादसे के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। गोठड़ा थाना क्षेत्र में स्थित श्री सीमेंट प्लांट के बाहर ट्रेलर की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सीमेंट प्लांट के मुख्य गेट पर धरना देकर मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग की। बाद में भीड़ के प्लांट परिसर में घुसने की कोशिश करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें बाहर खदेड़ दिया।
ट्रेलर की टक्कर से किसान की मौत
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे गोठड़ा स्थित श्री सीमेंट प्लांट में प्रवेश कर रहे एक ट्रेलर ने बाइक सवार किसान ओमप्रकाश (43) निवासी धींवा की ढाणी, टोडपुरा को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
ग्रामीणों ने प्लांट के बाहर शुरू किया धरना
गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सीमेंट प्लांट के बाहर एकत्र हुए। उनका आरोप था कि ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा, ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई और प्लांट के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग रखी।