झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया। ढाणी भरगड़ान स्थित एक लोहे की दुकान में गाटर काटने के दौरान अचानक गैस रिसाव हो गया, जिससे वहां काम कर रहा एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुकान में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
झारखंड निवासी मजदूर हुआ घायल
घायल की पहचान झारखंड के दरीबा निवासी पवन कुमार (25) पुत्र रिवा सिंह के रूप में हुई है। पवन कुमार काफी समय से ढाणी भरगड़ान स्थित लोहे की दुकान में मजदूरी कर रहा था।
बुधवार को वह लोहे की गाटर काटने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का रिसाव हुआ और वह उसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग और गर्म गैस के प्रभाव से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
खेतड़ी अस्पताल में प्राथमिक उपचार
हादसे के बाद साथी कर्मचारियों ने घायल पवन कुमार को तत्काल राजकीय उप जिला अस्पताल खेतड़ी पहुंचाया। यहां सर्जन डॉ. हिमांशु लंबोरा और जनरल फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर कर दिया।
शरीर के कई हिस्से झुलसे
डॉक्टरों के अनुसार मजदूर के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जलन है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। फिलहाल बीडीके अस्पताल में उसका उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने छोटी औद्योगिक इकाइयों और वर्कशॉप्स में सुरक्षा मानकों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गैस कटिंग और वेल्डिंग जैसे जोखिम भरे कार्यों के दौरान सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक सावधानियों की अनदेखी अक्सर बड़े हादसों का कारण बनती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से गैस रिसाव के कारणों की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा मानक लागू करने की मांग की है।
जांच की मांग
हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि संबंधित विभाग गैस रिसाव के कारणों की जांच करेगा और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।