राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी से महज एक दिन पहले दूल्हे और उसके चचेरे भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जिस घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और शोक का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के लूखू भाखरी गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर सोमवार रात करीब 9 बजे यह हादसा हुआ। सेड़वा गौड़ा निवासी नरपतराम (21) पुत्र गोकलाराम और उसका चचेरा भाई सुखदेव (27) पुत्र वागाराम शादी का सामान खरीदकर बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि नरपतराम की बारात मंगलवार को निकलनी थी। वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाड़मेर शहर शादी की खरीदारी करने गया था। परिवार के लोग सामान लेकर दूसरी गाड़ी में पीछे आ रहे थे, जबकि नरपतराम और सुखदेव बाइक से आगे निकल गए थे।

हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। धोरीमन्ना अस्पताल में डॉक्टरों ने सुखदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नरपतराम को सांचौर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बाछड़ाऊ चौकी के एएसआई यूसूफ खान ने बताया कि दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, नरपतराम जयपुर में टाइल्स फैक्ट्री में काम करता था और उसने दो महीने पहले ही नई बाइक खरीदी थी। वहीं सुखदेव अपने पिता के साथ किशनगढ़ में टाइल्स के कारोबार से जुड़ा हुआ था।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। जिस घर में शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।