झालावाड़। जिले के सारोला थाना क्षेत्र के गाडरवाड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां भतीजे ने अपने 65 वर्षीय ताऊ पर गंडासी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जगन्नाथ पुत्र कन्हैयालाल (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका अपने छोटे भाई के परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान छोटे भाई के बेटे ने गंडासी से उन पर हमला कर दिया। हमले में जगन्नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल चौकी से घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सारोला थाना पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची।
पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आ रहा है, हालांकि विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सारोला थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है।