मुंबई पुलिस ने एक महिला पायलट के साथ यौन शोषण के आरोप में कैब ड्राइवर सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना 19 जून, शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे की है, जब महिला पायलट दक्षिण मुंबई से अपने घर घाटकोपर जा रही थी। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

महिला ने बताया कि उसका पति नौसेना में अधिकारी है, लेकिन उन्हें अभी तक सरकारी आवास नहीं मिला है। इस कारण पति नौसेना के आवासीय परिसर में रहता है, जबकि वह घाटकोपर में रहती है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

महिला के अनुसार, कैब ड्राइवर ने 25 मिनट बाद रास्ता बदल दिया और दो अन्य पुरुषों को कैब में बैठा लिया। इनमें से एक पुरुष पीछे की सीट पर महिला के बगल में बैठा और उसने महिला को गलत तरीके से छुआ। जब महिला ने विरोध किया, तो उस शख्स ने उसे धमकाया। इस दौरान कैब ड्राइवर ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। कुछ दूरी पर पुलिस चेकिंग देखकर दोनों पुरुष कैब से उतरकर भाग गए।

घर पहुंचने पर महिला ने ड्राइवर से उन पुरुषों को कैब में बैठाने का कारण पूछा, लेकिन ड्राइवर ने कोई जवाब नहीं दिया। अगले दिन सुबह महिला ने अपने पति को घटना बताई, जिसके बाद दंपती ने घाटकोपर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

गुरुग्राम: अस्पताल में एयर होस्टेस के यौन उत्पीड़न का मामला

इस साल अप्रैल में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में एक एयर होस्टेस के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया। घटना के समय एयर होस्टेस वेंटिलेटर पर थी, जिसके कारण वह विरोध नहीं कर सकी। अस्पताल के एक पुरुष कर्मचारी ने एयर होस्टेस के निजी अंगों को गलत तरीके से छुआ। उस समय दो महिला नर्स भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद एयर होस्टेस ने अपने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद उन्होंने लीगल एडवाइजर के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

एयर होस्टेस गुरुग्राम में ट्रेनिंग के लिए आई थी और एक होटल में ठहरी थी। होटल के स्विमिंग पूल में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था।