पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। औरंगाबाद की रहने वाली 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा कुमारी की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

अनुपमा बिहटा स्थित एक निजी संस्थान से इंजीनियरिंग डिप्लोमा कर रही थी और राघोपुर में किराए के कमरे में अकेली रहती थी। 13 अप्रैल की रात जब उसके कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और दरवाजा बाहर से बंद मिला, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो अंदर बेड पर छात्रा का शव पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस ने SIT का गठन कर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच, कॉल डिटेल्स और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस को शक छात्रा के कॉलेज साथी और प्रेमी आर्थव श्रीवास्तव पर गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ समय से शादी को लेकर दबाव और विवाद बढ़ गया था। इसी तनाव के चलते दोनों के बीच झगड़े होने लगे।

घटना से दो दिन पहले कॉलेज में एक कार्यक्रम के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। 12 अप्रैल को आरोपी बहाने से छात्रा के कमरे पर पहुंचा, जहां बहस बढ़ने पर विवाद हिंसक हो गया और आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने के लिए कमरे को बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है, और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले कोई अन्य गंभीर अपराध हुआ था या नहीं।