बाड़मेर: जिले के नेशनल हाईवे-25 पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा ग्रामीण थाना क्षेत्र के उतरलाई बायपास की गोलाई पर हुआ, जहां रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रायसिंह (45) पुत्र सोनाराम, निवासी नागाणा के रूप में हुई है। वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था और उतरलाई बायपास की गोलाई पर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप रॉन्ग साइड से आई और उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रायसिंह को तुरंत बाड़मेर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
ग्रामीण थाना के एएसआई हरिराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप चालक रॉन्ग साइड से वाहन चला रहा था। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि रायसिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत था और काम से लौटते समय यह हादसा हुआ। पुलिस पिकअप चालक की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।