राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब अपना पूरा ध्यान आगामी पंचायतीराज चुनावों पर केंद्रित कर दिया है। इसी कड़ी में वरिष्ठ नेता नितिन नबीन के जयपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आवास पर एक अहम और उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस 'महामंथन' में पार्टी आलाकमान ने जनप्रतिनिधियों और संगठन के नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि उनकी सक्रियता केवल चुनावी मौसम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें लगातार जनता के सुख-दुख में भागीदार बनना होगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह-प्रभारी कविता पाटीदार, कुलजीत चहल, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई सांसद, विधायक और संभाग प्रभारी मौजूद रहे।

कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों के नेताओं को हिदायत

बैठक का मुख्य एजेंडा निकाय चुनावों के नतीजों का विश्लेषण और आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति तैयार करना था। इस दौरान निकाय चुनावों का 'रिपोर्ट कार्ड' भी साझा किया गया। आलाकमान ने उन क्षेत्रों के नेताओं को सख्त हिदायत दी है, जहां पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द अपनी संगठनात्मक कमियों को दूर करें और अगली चुनौती के लिए कमर कस लें। हालांकि, किसी भी नेता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई जैसी कोई बात सार्वजनिक नहीं की गई है।

'सिर्फ चुनाव में नहीं, हमेशा जनता के बीच रहें'

नितिन नबीन ने बैठक में संगठन और जनप्रतिनिधियों को 'जीत का मंत्र' देते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत सामान्य दिनों में जनता के बीच उसकी उपस्थिति से मापी जाती है। उन्होंने नेताओं को सादगी और विनम्रता के साथ जनता से जुड़े रहने की नसीहत दी। उनका मुख्य फोकस इस बात पर रहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-ढाणी और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

निकाय की जीत के बाद अब पंचायत है अगली चुनौती

शहरी क्षेत्रों (निकाय) में मिली संगठनात्मक सफलता के बाद अब भाजपा इसी फॉर्मूले को ग्रामीण क्षेत्रों (पंचायतीराज) में लागू करने जा रही है। बैठक में शामिल प्रमुख नेताओं ने इस रणनीति पर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी:

  • जोगराम पटेल (संसदीय कार्य मंत्री): उन्होंने बताया कि आलाकमान के साथ हुए इस सीधे संवाद से पार्टी को नई दिशा मिली है। पार्टी ने फैसला किया है कि निकाय चुनाव के बाद बिना कोई ब्रेक लिए, तुरंत पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटना है।

  • प्रभुलाल सैनी (पूर्व मंत्री): उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब पूरी पार्टी पंचायत चुनावों में भारी जीत दर्ज करने के लिए एकजुट होकर काम करेगी।

  • मिथिलेश गौतम (प्रदेश महामंत्री): गौतम ने कहा कि सत्ता और संगठन के शानदार तालमेल की वजह से निकाय चुनाव में बड़ी जीत मिली। अब इसी एकजुटता के साथ पंचायत चुनाव का भी शंखनाद हो चुका है।