केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM), पूसा का दौरा कर विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केवल संस्थान का निरीक्षण ही नहीं किया, बल्कि छात्रों के बीच पहुंचकर उनके साथ किचन में खाना बनाने का अनुभव भी साझा किया। मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर समोसे और एक विशेष पकौड़े की डिश तैयार की और उनके हुनर को करीब से देखा।
दौरे के दौरान शेखावत ने हॉस्पिटैलिटी और होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से उनके प्रशिक्षण, करियर की योजनाओं और उद्योग में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को लगातार सीखते रहने, नई तकनीकों को अपनाने और अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय मंत्री ने इस यादगार अनुभव को सोशल मीडिया पर भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि IHM पूसा में उन्हें कुछ नया सीखने और कुकिंग में हाथ आजमाने का अवसर मिला। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी बनाई डिश चखने के बाद सभी ने उसकी तारीफ की, लेकिन यह सच में स्वादिष्ट बनी थी या विद्यार्थियों ने उनका उत्साह बढ़ाने के लिए तारीफ की, इसका राज तो वही जानते हैं।
शेखावत ने कहा कि भारत के युवा शेफ प्रतिभा, मेहनत और जुनून से भरपूर हैं। उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में यही युवा देश के हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान को और मजबूत करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि होटल मैनेजमेंट केवल खाना बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें अनुशासन, रचनात्मकता, सेवा भावना और पेशेवर कौशल की अहम भूमिका होती है। ऐसे संस्थान युवाओं को वैश्विक स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM), पूसा देश के प्रतिष्ठित होटल मैनेजमेंट संस्थानों में शामिल है। वर्ष 1962 में स्थापित यह संस्थान भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अधीन संचालित होता है। यहां होटल मैनेजमेंट, फूड प्रोडक्शन, हॉस्पिटैलिटी और संबंधित क्षेत्रों में विभिन्न डिग्री एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जहां से प्रशिक्षित छात्र देश-विदेश के प्रतिष्ठित होटल और पर्यटन संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री का यह दौरा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा। छात्रों को न केवल एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के साथ संवाद करने का अवसर मिला, बल्कि उन्होंने उनके साथ किचन में काम करते हुए सीखने और अनुभव साझा करने का भी मौका पाया। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें अपने करियर के प्रति और अधिक प्रेरित किया।