IHM पूसा पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, छात्रों के साथ किचन में बनाए समोसे..
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली स्थित IHM पूसा का दौरा किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ किचन में समोसे और विशेष पकौड़े बनाए तथा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में उनके अनुभव और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। शेखावत ने कहा कि देश के युवा शेफ अपने हुनर और मेहनत से भारत की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तैयार हैं।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM), पूसा का दौरा कर विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केवल संस्थान का निरीक्षण ही नहीं किया, बल्कि छात्रों के बीच पहुंचकर उनके साथ किचन में खाना बनाने का अनुभव भी साझा किया। मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर समोसे और एक विशेष पकौड़े की डिश तैयार की और उनके हुनर को करीब से देखा।
दौरे के दौरान शेखावत ने हॉस्पिटैलिटी और होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से उनके प्रशिक्षण, करियर की योजनाओं और उद्योग में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को लगातार सीखते रहने, नई तकनीकों को अपनाने और अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय मंत्री ने इस यादगार अनुभव को सोशल मीडिया पर भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि IHM पूसा में उन्हें कुछ नया सीखने और कुकिंग में हाथ आजमाने का अवसर मिला। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी बनाई डिश चखने के बाद सभी ने उसकी तारीफ की, लेकिन यह सच में स्वादिष्ट बनी थी या विद्यार्थियों ने उनका उत्साह बढ़ाने के लिए तारीफ की, इसका राज तो वही जानते हैं।