राजस्थान ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य विद्युत उत्पादन निगम (RVUNL) द्वारा रिकॉर्ड स्तर पर बिजली उत्पादन करने पर मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (इंडिया) ने इस उपलब्धि को रिकॉर्ड श्रेणी में दर्ज किया है।

इस उपलब्धि के लिए ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर को जयपुर स्थित विद्युत भवन में वैश्विक सम्मान पत्र प्रदान किया गया।

7171 मेगावाट बिजली उत्पादन का बना रिकॉर्ड

राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने 7580 मेगावाट क्षमता वाली 23 कोयला आधारित इकाइयों से 7171 मेगावाट बिजली उत्पादन कर नया रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि 2 जून 2026 को हासिल हुई और निगम के गठन के बाद से अब तक का सर्वाधिक बिजली उत्पादन माना गया।

ऊर्जा विभाग के सामूहिक प्रयासों को मिला सम्मान

यह सम्मान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व तथा ऊर्जा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों को समर्पित किया गया। विभाग का कहना है कि बेहतर प्रबंधन, तकनीकी दक्षता और सभी उत्पादन इकाइयों के समन्वय से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी।

ऊर्जा क्षेत्र में मजबूत हो रहा राजस्थान

रिकॉर्ड बिजली उत्पादन से प्रदेश की ऊर्जा क्षमता और मजबूत हुई है। इससे बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी और उद्योग, कृषि तथा घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में भी यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ऊर्जा विभाग ने इस उपलब्धि को राज्य के बिजली क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है।