बाड़मेर। बाड़मेर के रीको थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा करीब तीन फीट तक पिचक गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें ब्लैक प्लास्टिक के कट्टों में भरा डोडा-पोस्त मिला, जिसके बाद मामला केवल सड़क हादसे तक सीमित नहीं रहा और पुलिस ने मादक पदार्थों के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8 बजे रीको थाना क्षेत्र में सिंधरी रोड स्थित बाड़मेर रिंग रोड पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामसर का कुआ निवासी जगदीश उर्फ जोगाराम (45) अपनी स्विफ्ट कार से रिंग रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सिर में गंभीर चोट, मौके पर तोड़ा दम

हादसे में चालक के सिर में गंभीर चोट लगी। टक्कर के बाद वह कार के अंदर ही फंस गया और पूरी ड्राइवर सीट खून से लथपथ हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कार का गेट नहीं खुलने के कारण लोगों ने गेट तोड़कर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कार से मिले डोडा-पोस्त के कट्टे

घटना की सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की। पुलिस को कार के अंदर ब्लैक प्लास्टिक के कई कट्टे मिले, जिनमें डोडा-पोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर ही माप-तौल के लिए कांटा मंगवाकर कट्टों का वजन कराया और उन्हें कब्जे में ले लिया।

पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच

रीको थानाधिकारी चैन प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल कार मृतक जोगाराम के नाम पर पंजीकृत है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार में मिला डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। सड़क दुर्घटना के साथ-साथ मादक पदार्थों की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।