रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन से टकराई स्विफ्ट, चालक की मौत; कार से मिला डोडा-पोस्त
बाड़मेर रिंग रोड पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे चालक जगदीश उर्फ जोगाराम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार से ब्लैक प्लास्टिक के कट्टों में भरा डोडा-पोस्त बरामद किया। पुलिस अब सड़क हादसे के साथ-साथ मादक पदार्थों के स्रोत और मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
बाड़मेर। बाड़मेर के रीको थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा करीब तीन फीट तक पिचक गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें ब्लैक प्लास्टिक के कट्टों में भरा डोडा-पोस्त मिला, जिसके बाद मामला केवल सड़क हादसे तक सीमित नहीं रहा और पुलिस ने मादक पदार्थों के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8 बजे रीको थाना क्षेत्र में सिंधरी रोड स्थित बाड़मेर रिंग रोड पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामसर का कुआ निवासी जगदीश उर्फ जोगाराम (45) अपनी स्विफ्ट कार से रिंग रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।