भरतपुर: शहर में व्यापारियों को गोली मारकर लूट की सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसपी राजेश मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय महेश निवासी कासौट, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस को उसके इलाके में होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सेवर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें महेश घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि महेश और उसके दो अन्य साथी हाल ही में शहर में दो अलग-अलग व्यापारियों को गोली मारकर लूट की वारदातों में शामिल थे। दोनों घटनाओं को एक ही गैंग ने अंजाम दिया था। फरार आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ बॉबी निवासी कासौट (डीग) और उसके एक अन्य साथी के रूप में हुई है। प्रवीण के खिलाफ हत्या का मामला पहले से दर्ज है। दोनों फरार आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

गौरतलब है कि 5 जुलाई को भरतपुर शहर में कुछ घंटों के अंतराल में दो बड़ी वारदातें हुई थीं। पहली घटना पुष्प वाटिका कॉलोनी में हुई, जहां किराना व्यापारी प्रमोद मित्तल को गोली मारकर बदमाश 60 हजार रुपये से भरा बैग लूट ले गए।

इसके बाद अखड्ड तिराहे पर बर्तन व्यापारी चंद्रभान को निशाना बनाया गया। बदमाशों ने पांच लाख रुपये से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। जब चंद्रभान ने बैग देने से इनकार किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दोनों वारदातों के पीछे एक ही गैंग का हाथ सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।