भरतपुर में व्यापारियों पर गोली चलाने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; दो आरोपी फरार
भरतपुर में व्यापारियों को गोली मारकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में उसके पैर में गोली लगी। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
भरतपुर: शहर में व्यापारियों को गोली मारकर लूट की सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी राजेश मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय महेश निवासी कासौट, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस को उसके इलाके में होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सेवर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें महेश घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।