प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार तड़के राजस्थान में बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता एवं कारोबारी अशोक चांडक से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई महादेव ट्रेडिंग मामले में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है। ईडी की टीमें सुबह करीब 5 बजे एक साथ कई स्थानों पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

ईडी की टीमों ने श्रीगंगानगर स्थित अशोक चांडक के आवास, शिवा वाइन के कार्यालय, चंद्रकला चैरिटेबल ट्रस्ट सहित उनसे जुड़े अन्य परिसरों में जांच की। इसके अलावा जयपुर के वैशाली नगर में स्थित रिश्तेदारों के ठिकानों पर भी सर्च अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही।

सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान ईडी अधिकारी कारोबार से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस, बैंकिंग रिकॉर्ड, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रहे हैं। अशोक चांडक से जुड़े अन्य लोगों के परिसरों पर भी सर्च जारी है।

ईडी के सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई महादेव ट्रेडिंग मामले में कथित आर्थिक अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का हिस्सा है। राजस्थान के अलावा दिल्ली और बिहार समेत कई राज्यों में भी एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।

अशोक चांडक का राजस्थान की राजनीति में भी प्रभाव माना जाता है। उन्होंने वर्ष 2018 में कांग्रेस के टिकट पर श्रीगंगानगर विधानसभा चुनाव लड़ा था। बाद में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उनके परिवार का स्थानीय राजनीति से भी गहरा जुड़ाव रहा है। उनकी पत्नी और भाई, दोनों श्रीगंगानगर नगर परिषद के चेयरमैन रह चुके हैं।

फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। एजेंसी ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है।