मनी लॉन्ड्रिंग जांच में ED का बड़ा एक्शन... जयपुर और श्रीगंगानगर में भाजपा नेता के ठिकानों पर रेड
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ट्रेडिंग मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत राजस्थान में बड़ी कार्रवाई की है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार तड़के राजस्थान में बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता एवं कारोबारी अशोक चांडक से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई महादेव ट्रेडिंग मामले में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है। ईडी की टीमें सुबह करीब 5 बजे एक साथ कई स्थानों पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
ईडी की टीमों ने श्रीगंगानगर स्थित अशोक चांडक के आवास, शिवा वाइन के कार्यालय, चंद्रकला चैरिटेबल ट्रस्ट सहित उनसे जुड़े अन्य परिसरों में जांच की। इसके अलावा जयपुर के वैशाली नगर में स्थित रिश्तेदारों के ठिकानों पर भी सर्च अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान ईडी अधिकारी कारोबार से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस, बैंकिंग रिकॉर्ड, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रहे हैं। अशोक चांडक से जुड़े अन्य लोगों के परिसरों पर भी सर्च जारी है।