बाड़मेर। जिले के सेड़वा उपखंड के करटिया गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में पेड़ की डालियां काट रहे किसान का हाथ ऊपर से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन से छू गया, जिससे उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही किसान पेड़ से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सेड़वा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सांचौर रेफर कर दिया।
करटिया गांव निवासी पदमाराम पुत्र मेकाराम सुबह करीब 9 बजे अपने खेत में पेड़ पर चढ़कर डालियां काट रहे थे। इसी दौरान पेड़ के पास से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों के मुताबिक, किसान के हाथ में लकड़ी होने के कारण करंट का प्रभाव कुछ कम हुआ और उनकी जान बच गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और निजी वाहन से सेड़वा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर कालूराम ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सांचौर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तुरंत सांचौर लेकर रवाना हो गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन व बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब 50 घरों की बस्ती के ऊपर से 33 केवी बिजली लाइन गुजर रही है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन को आबादी से हटाने की मांग कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग के सामने रखी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के कारण आए दिन लोग करंट की चपेट में आने का खतरा झेल रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जल्द से जल्द बिजली लाइन को आबादी और खेतों से हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।