पाली। शहर के रामलीला मैदान के पास स्थित कुरैशी समाज के कब्रिस्तान में गुरुवार सुबह एक 52 वर्षीय व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक रोज की तरह कब्रिस्तान में इबादत (फातिया) करने और वहां लगे पौधों में पानी देने गए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जंगीवाड़ा निवासी मोहम्मद रमजान (52) पुत्र हब्बास खान के रूप में हुई है। वे पेशे से ड्राइवर थे और प्रतिदिन सुबह स्कूल वैन से बच्चों को छोड़ने के बाद कब्रिस्तान जाकर इबादत किया करते थे।
मृतक के भाई अख्तर हुसैन ने बताया कि गुरुवार सुबह भी रमजान बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटे और इसके बाद रोजाना की तरह रामलीला मैदान के पास स्थित कब्रिस्तान पहुंचे। वहां उन्होंने पहले इबादत की और फिर पौधों में पानी देने लगे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
कुछ देर बाद परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो रमजान बेहोशी की हालत में पड़े मिले। लोगों की मदद से उन्हें बिना देर किए टैक्सी के जरिए पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।