हरियाणा के पानीपत से चोरी की गई एक स्कॉर्पियो को ट्रेस करते हुए पुलिस राजस्थान के बाड़मेर जिले तक पहुंच गई। करीब डेढ़ महीने बाद वाहन की लोकेशन मिलने पर पानीपत पुलिस ने स्थानीय एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की मदद से बाड़मेर के सदर थाना क्षेत्र स्थित रामसर कुआ गांव में दबिश दी।
पुलिस टीम के गांव में पहुंचते ही वहां मौजूद दो संदिग्ध बदमाश घबरा गए और मौके से भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे और इलाके की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि भागते समय बदमाश स्कॉर्पियो गाड़ी को वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ देर के लिए फायरिंग की आवाजें भी सुनाई दीं, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की घटना से साफ इनकार किया है।
यह स्कॉर्पियो करीब डेढ़ महीने पहले हरियाणा के पानीपत से चोरी की गई थी। बदमाशों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गाड़ी का रंग भी बदल दिया था। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो का मूल रंग काला था, जिसे बदलकर सफेद कर दिया गया था ताकि पहचान छिपाई जा सके।
पुलिस ने जब्त की गई स्कॉर्पियो को रिकवरी वाहन में लोड कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए रवाना कर दिया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।