जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में गुमशुदा महिला बीना देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही भतीजे ने 1 किलो चांदी के कड़ों के लालच में की थी। पुलिस ने आरोपी भतीजे सूरज बैरवा और उसके साले विनोद बैरवा को गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि 24 वर्षीय सूरज बैरवा पर करीब 2.53 लाख रुपये का कर्ज था। मौज-मस्ती, शराब पार्टी और बढ़ते कर्ज के दबाव के बीच उसने अपनी ताई के पैरों में पहने करीब एक किलो चांदी के कड़ों को बेचकर कर्ज चुकाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने यूट्यूब और गूगल पर हत्या, सबूत मिटाने और पुलिस से बचने के तरीके तक सर्च किए। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या से पहले आरोपी ने तीन दिनों तक 50 से अधिक आपराधिक वीडियो देखे थे।

11 जून को सूरज अपनी ताई बीना देवी को दवाई दिलाने के बहाने बाइक पर बैठाकर ढूंढ नदी क्षेत्र में ले गया। सुनसान जगह पर घास काट रही ताई के सिर पर पीछे से फावड़े से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दातली से पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए और शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया।

हालांकि रात को आरोपी को डर सताने लगा कि कहीं जंगली जानवर शव को बाहर न निकाल दें। अगले दिन वह फिर मौके पर पहुंचा और शव को दूसरी जगह ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पास ही एक कुआं देखकर उसने अपने साले विनोद को शराब पार्टी के बहाने बुलाया। शराब के दौरान भावनात्मक दबाव बनाकर उसने हत्या की बात बताई और मदद मांगी। बाद में दोनों ने शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया।

हैरानी की बात यह रही कि आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही परिजनों के साथ महिला की तलाश करता रहा। इतना ही नहीं, शव मिलने के बाद वह लोगों को लेकर शिवदासपुरा थाने का घेराव करने पहुंच गया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी करता रहा।

पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार अलग-अलग कहानियां सुनाकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश करता रहा। कभी पारिवारिक विवाद तो कभी लूटपाट के एंगल की बात कहता रहा। यहां तक कि उसने पुलिस से कहा कि वह खुद हत्यारों तक पहुंचा सकता है। लेकिन उसके असामान्य व्यवहार और अत्यधिक आत्मविश्वास ने पुलिस का शक उसी पर गहरा दिया।

जब पुलिस ने आरोपी का मोबाइल खंगाला तो यूट्यूब पर देखे गए आपराधिक वीडियो और गूगल सर्च हिस्ट्री सामने आ गई। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए हत्या में सहयोग करने वाले उसके साले को भी गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।