राजस्थान के टोंक जिले के लवादर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सुनसान वन क्षेत्र में चार कट्टों में एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के टुकड़े कर अलग-अलग कट्टों में भरे गए थे। महिला का सिर धड़ से अलग था, जबकि हाथ-पैर के पंजे भी कटे हुए मिले। कई हिस्सों को कुत्ते और जंगली जानवर नोचकर खा चुके थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे ग्रामीणों को इलाके में तेज बदबू आने पर शक हुआ। जब लोगों ने गांव के बाहर कचरा और मृत पशु डालने वाले स्थान पर पड़े कट्टों की जांच की तो उनमें मानव शव के टुकड़े मिले। इसके बाद तुरंत मेहंदवास थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और एमओयू टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि मृतका की पहचान लवादर गांव निवासी 70 वर्षीय हरबाई पत्नी केसरा गुर्जर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के कई टुकड़े किए गए और उन्हें अलग-अलग कट्टों में भरकर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। घटनास्थल से कुछ आभूषण भी बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
एसएचओ रामनिवास यादव ने बताया कि हरबाई मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली थी। उसका बेटा अब इस दुनिया में नहीं है और बेटी की शादी हो चुकी है। वह पिछले करीब 20 वर्षों से अपने भाई उदा लाल गुर्जर के साथ लवादर गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि महिला पिछले तीन-चार दिनों से लापता थी, लेकिन उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से महिला का भाई भी घर पर नहीं मिला है। उसकी तलाश की जा रही है और उससे पूछताछ के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। वहीं मृतका की बेटी को भी सूचना देकर बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।