बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान 5 जुलाई 2026 को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 61 वर्षीय अभिनेता ने खुद अपनी शादी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह समारोह मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर पर बेहद निजी और पारिवारिक माहौल में आयोजित किया जाएगा। इस शादी में केवल दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।

सबसे खास बात यह है कि आमिर और गौरी ने अपनी शादी के बाद किसी भी तरह का भव्य रिसेप्शन आयोजित नहीं करने का फैसला किया है। जहां बॉलीवुड सितारों की शादियों में अक्सर बड़े-बड़े रिसेप्शन और सितारों का जमावड़ा देखने को मिलता है, वहीं आमिर ने इस बार सादगी और निजीपन को प्राथमिकता दी है।

खुद आमिर खान ने दी शादी की जानकारी

राजकुमार हिरानी की सीरीज की स्क्रीनिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में आमिर खान ने अपनी शादी की पुष्टि की। इस दौरान उनके बेटे जुनैद खान भी उनके साथ मौजूद थे।

आमिर ने कहा,

"शादी 5 जुलाई को है। घर पर ही कर रहे हैं। बहुत ही छोटी शादी है। 5 तारीख हमारे लिए बहुत खास दिन है। दोनों परिवार और कुछ खास दोस्त होंगे। आप सभी की दुआ चाहिए कि हम खुश रहें और हमारा सफर अच्छा रहे। यह पूरी तरह घरेलू समारोह होगा।" उनके इस बयान से साफ है कि यह शादी किसी बड़े सेलिब्रिटी इवेंट की बजाय एक पारिवारिक समारोह होगी।

रिसेप्शन नहीं होगा आयोजित

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और गौरी की शादी पहले रजिस्टर्ड मैरिज के रूप में होगी, जिसके बाद घर पर एक छोटा-सा पारिवारिक समारोह आयोजित किया जाएगा। दोनों ने शादी के बाद कोई ग्रैंड रिसेप्शन नहीं रखने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि इस आयोजन में फिल्म इंडस्ट्री की लंबी गेस्ट लिस्ट या रेड कार्पेट जैसी कोई व्यवस्था नहीं होगी। दोनों अपनी नई जिंदगी की शुरुआत बेहद सादगी और निजी माहौल में करना चाहते हैं।

आमिर खान की तीसरी शादी

यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। इससे पहले उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और आइरा खान हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की थी। दोनों का एक बेटा आजाद राव खान है। हालांकि बाद में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था और आज भी अच्छे दोस्त हैं।

कौन हैं गौरी स्प्रैट?

गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली एक बिजनेस प्रोफेशनल और सैलून उद्यमी हैं। वह वेलनेस और ब्यूटी सेक्टर से जुड़ी हुई हैं। गौरी की भी पहले शादी हो चुकी है और उनका एक बेटा है आमिर और गौरी के पिछले रिश्तों से जुड़े सभी चार बच्चे इस शादी का अहम हिस्सा बनने वाले हैं, जिससे यह समारोह परिवार के लिए और भी खास बन जाएगा।

25 साल पुरानी दोस्ती बनी प्यार

आमिर खान ने पहले खुलासा किया था कि वह और गौरी पिछले करीब 25 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की मुलाकात आमिर की कजिन नुज़हत खान के जरिए बेंगलुरु में हुई थी। लंबे समय तक दोस्त रहने के बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई।

बताया जाता है कि दोनों ने साल 2024 की शुरुआत से एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। मार्च 2025 में आमिर खान के 60वें जन्मदिन पर उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार किया था। अब 5 जुलाई 2026 को दोनों अपने रिश्ते को शादी का नाम देने जा रहे हैं। फैंस भी इस नए सफर के लिए आमिर और गौरी को शुभकामनाएं दे रहे हैं।