जोधपुर की सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनिता बिश्नोई अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गई हैं। अस्पताल से घर लौटते ही उन्होंने लगातार दो पोस्ट साझा किए, जिनमें बिना किसी का नाम लिए उन लोगों पर निशाना साधा, जिन पर पहले उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगे थे। उनके ये पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
अनिता बिश्नोई ने अपने एक पोस्ट में लिखा कि उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को भगवान ने सजा दे दी है। उन्होंने दावा किया कि जिस व्यक्ति ने उनके खिलाफ टिप्पणी की थी, उसके मादक पदार्थ के साथ पकड़े जाने की खबर सामने आई है। वहीं दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “बालाजी महाराज ने मेरी पुकार सुन ली है। जहां उसकी जगह थी, वह चला गया है और तीन बाकी हैं।”
इन पोस्ट्स के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे कर्मों का फल बताते हुए अनिता का समर्थन किया। कुछ लोगों ने लिखा, “जैसी करनी वैसी भरनी”, जबकि अन्य ने टिप्पणी की कि “भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं।”
गौरतलब है कि जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र स्थित शिकारगढ़ की गोदारों की ढाणी निवासी अनिता बिश्नोई ने 3 जून को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गंभीर अवस्था में जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद रविवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस मामले में अनिता के पति दीनाराम बिश्नोई ने बनाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि मालाराम बैगरा नामक व्यक्ति लंबे समय से सोशल मीडिया पर अनिता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा था। शिकायत के अनुसार, करीब तीन साल पहले भी उक्त व्यक्ति ने उन्हें निशाना बनाया था, जिसके बाद उसे ब्लॉक कर दिया गया था।
परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट के माध्यम से लगातार निजी जीवन को लेकर भ्रामक बातें फैलाई जाती रहीं। लगातार ट्रोलिंग और आलोचनाओं के चलते अनिता मानसिक तनाव में थीं और इसी दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया था।
फिलहाल अस्पताल से घर लौटने के बाद उनके सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बने हुए हैं। वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और प्रतिक्रियाओं का दौर लगातार जारी है।