राजस्थान की राजधानी जयपुर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में रेड लाइट जंप करने से रोकने पर एक ऑटो चालक ने ट्रैफिक कॉन्स्टेबल के पैर पर ऑटोरिक्शा चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक और ऑटोरिक्शा की तलाश शुरू कर दी है।

अलका तिराहे पर ड्यूटी के दौरान हुई घटना

पुलिस के अनुसार, हरमाड़ा निवासी कल्याण सिंह (50) जयपुर वेस्ट ट्रैफिक पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। शनिवार शाम करीब 6 बजे उनकी ड्यूटी मुरलीपुरा क्षेत्र के अलका तिराहे पर लगी हुई थी। इसी दौरान खेतान की ओर से आ रहा एक ऑटोरिक्शा रेड लाइट पार कर मुरलीपुरा की ओर बढ़ गया।

रोकने की कोशिश पर चढ़ाया ऑटो

कॉन्स्टेबल कल्याण सिंह ने नियमों का उल्लंघन करने पर ऑटो चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में ऑटो आगे बढ़ाया और पुलिसकर्मी के पैर पर चढ़ाकर मौके से फरार हो गया।

घायल पुलिसकर्मी का इलाज, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कॉन्स्टेबल को नजदीकी अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। पीड़ित की शिकायत पर मुरलीपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।