बच्चों के सामने भिड़ीं दो महिला शिक्षिकाएं! सरकारी स्कूल में मारपीट का VIDEO वायरल, अब होगी बड़ी कार्रवाई?
शिक्षा के मंदिर में आखिर ऐसा क्या हुआ कि दो महिला शिक्षिकाएं बच्चों और अभिभावकों के सामने ही आपस में भिड़ गईं? बालोतरा के सरकारी स्कूल में शिक्षण व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। आखिर किसकी गलती थी और जांच के बाद किस पर होगी कार्रवाई?
बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले के कल्याणपुर ब्लॉक स्थित तिरसिगड़ी सोढ़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को दो महिला शिक्षिकाओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बच्चों को पढ़ाने और शिक्षण व्यवस्था को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद छात्र-छात्राएं और अभिभावक दोनों शिक्षिकाओं को रोकने का प्रयास करते रहे। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग तक पहुंच गया।
विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ऊमादेवी और पुष्पा के बीच बच्चों की पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था को लेकर पहले बहस हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों शिक्षिकाएं एक-दूसरे से उलझ गईं और स्कूल परिसर में ही हाथापाई करने लगीं। इस दौरान कक्षाओं में मौजूद बच्चों और अभिभावकों के सामने काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और मामला शांत कराया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। विभाग ने पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिस स्थान को शिक्षा का मंदिर कहा जाता है, वहां इस तरह की घटनाएं बच्चों पर गलत प्रभाव डालती हैं और स्कूल का माहौल खराब होता है।