राजस्थान के भरतपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 13 महिलाएं घायल हो गईं। वैर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास खेतों में कृषि कार्य के लिए जा रही महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार महिलाएं नीचे दब गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर महिलाओं को बाहर निकाला।
2 महिलाओं की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में मिथलेश (45) पत्नी वीरेंद्र और धौरी (35) पत्नी दान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। धौरी ट्रैक्टर चला रहे दान सिंह की पत्नी थीं। वहीं 13 महिलाएं घायल हुईं, जिनमें से 12 का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक महिला को मामूली चोटें आईं और वह प्राथमिक उपचार के बाद घर चली गई।
महिलाओं ने ड्राइवर से धीमे चलाने को कहा था
मृतका मिथलेश के पति वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक दान सिंह महिलाओं को खेत में मजदूरी के लिए लेकर जा रहा था। रास्ते में कई महिलाओं ने उससे ट्रैक्टर की रफ्तार कम करने का आग्रह किया, लेकिन उसने वाहन तेज गति से चलाना जारी रखा।
वीरेंद्र का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद चालक अपनी पत्नी को अस्पताल लेकर चला गया, जबकि अन्य घायल महिलाओं को मौके पर ही छोड़ दिया गया।
जानवर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
वैर थाना प्रभारी धीरेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर के सामने अचानक एक जानवर आ गया था। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
12 घायल महिलाओं का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले वैर अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल महिलाओं को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पोस्टमॉर्टम में सामने आई मौत की वजह
मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. राघवेंद्र के अनुसार, दोनों मृतक महिलाओं के सीने पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी कई पसलियां टूट गई थीं। इसके अलावा सिर, हाथ और पैरों में भी गंभीर चोटें थीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सीने और शरीर पर आई गंभीर चोटों को मौत का कारण बताया गया है।