Bharatpur Accident: जानवर को बचाने में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 2 महिलाओं की मौत, 13 घायल; ड्राइवर की पत्नी भी मृतकों में शामिल
भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र में खेतों में काम पर जा रही महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जानवर को बचाने के प्रयास में पलट गई।
राजस्थान के भरतपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 13 महिलाएं घायल हो गईं। वैर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास खेतों में कृषि कार्य के लिए जा रही महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार महिलाएं नीचे दब गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर महिलाओं को बाहर निकाला।
2 महिलाओं की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में मिथलेश (45) पत्नी वीरेंद्र और धौरी (35) पत्नी दान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। धौरी ट्रैक्टर चला रहे दान सिंह की पत्नी थीं। वहीं 13 महिलाएं घायल हुईं, जिनमें से 12 का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक महिला को मामूली चोटें आईं और वह प्राथमिक उपचार के बाद घर चली गई।