टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेत्री संचिता उगले ने सोमवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। महज 22 साल की उम्र में उनके निधन की खबर ने फैंस और मनोरंजन जगत को सदमे में डाल दिया है। पुलिस के अनुसार संचिता का शव मुंबई के नालासोपारा स्थित उनके घर में सीलिंग फैन से लटका मिला।

जानकारी के मुताबिक संचिता अपने माता-पिता और बहन के साथ रहती थीं। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

मौत से कुछ घंटे पहले शेयर किया था वीडियो

संचिता उगले की मौत से कुछ घंटे पहले ही उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट की गई थी।

वीडियो में वह लोकप्रिय गीत ‘डफली वाले, डफली बजा’ पर लिपसिंक करती नजर आ रही थीं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मैं नाचूं, तू नचा।”

उनकी अचानक मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और करीबी लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं। कमेंट सेक्शन में श्रद्धांजलि संदेशों की बाढ़ आ गई है।

कई चर्चित टीवी शोज में किया था काम

संचिता उगले टीवी इंडस्ट्री का उभरता हुआ चेहरा थीं। उन्होंने ‘वागले की दुनिया’, ‘कुमकुम भाग्य’, ‘साजन घर में’ और ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया था। ‘वागले की दुनिया’ में उन्होंने रूचिता जेटली का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

इसके अलावा संचिता ऐतिहासिक फिल्म ‘छावा’ का भी हिस्सा रही थीं, जिसमें उन्होंने ताराबाई का किरदार निभाया था। फिल्म में विक्की कौशल और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। संचिता उगले के असमय निधन से उनके परिवार, फैंस और पूरी टीवी इंडस्ट्री में शोक का माहौल है।