राजधानी जयपुर में चाइनीज मांझे का खतरनाक असर एक बार फिर सामने आया है। प्रतियोगी परीक्षा देकर घर लौट रहे एक छात्र का गला चाइनीज मांझे से कट गया। मांझा हटाने की कोशिश में उसके अंगूठे सहित तीन उंगलियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। समय रहते राहगीरों और पुलिस की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार, अलवर जिले के गंजखेड़ली निवासी अजय शर्मा वैशाली नगर के गांधी पथ क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। रविवार शाम करीब 6:30 बजे वह हाईकोर्ट सर्किल से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामनगर मेट्रो स्टेशन और सोडाला थाना क्षेत्र के बीच एलिवेटेड रोड पर हवा में लटका चाइनीज मांझा अचानक उनकी गर्दन में उलझ गया।

तेज धार वाले मांझे से अजय की गर्दन गहराई तक कट गई। अचानक हुए हादसे से घबराकर उन्होंने बाएं हाथ से मांझा हटाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनका अंगूठा और दो अन्य उंगलियां भी कट गईं। हादसे के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए कपड़े से बहते खून को रोकने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सहायता से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, गर्दन पर लगा घाव सांस की नली के बेहद करीब था। यदि चोट कुछ और गहरी होती तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

यह घटना एक बार फिर शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई के बावजूद ऐसे मामले सामने आना चिंता का विषय बना हुआ है।