झुंझुनूं जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली विभाग के लाइनमैन की मौत हो गई। चिड़ावा-सिंघाना रोड पर ड्यूटी के लिए जा रहे लाइनमैन मनफूल कुमावत (48) को एक तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए और करीब 20 फीट तक घिसटते चले गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना रविवार दोपहर करीब 3:54 बजे चिड़ावा थाना क्षेत्र के अडूका के पास हुई। हादसे के समय मनफूल कुमावत अपने गांव पिचानवा (कलगांव) से चिड़ावा पावर हाउस ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बाइक डंपर के पहियों के नीचे फंस गई। वहीं डंपर के बाईं ओर चल रहा एक अन्य बाइक सवार बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद चालक ने डंपर को लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन सामने लोगों की भीड़ देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। हादसे की पूरी घटना पास की एक सीमेंट दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
एएसआई सुभाष चंद्र ने बताया कि डंपर चालक की तलाश जारी है। फिलहाल परिजनों की ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक मनफूल कुमावत अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा 12वीं कक्षा का छात्र है। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी हुई है।