बालोतरा पुलिस ने ब्रह्माजी धाम आसोतरा मंदिर के पास पार्किंग में खड़ी कार से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार महीने की जांच के बाद एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी गए आभूषणों की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जोधपुर के कुड़ी भगतासनी निवासी बख्तावर सिंह ने 2 फरवरी 2026 को जसोल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि 1 फरवरी को वह परिवार के साथ ब्रह्माजी धाम आसोतरा दर्शन के लिए आए थे। मंदिर के पास स्थित पार्किंग के आगे कार खड़ी कर परिवार सहित दर्शन के लिए चले गए।
कार में रखे तीन बैगों में से एक बैग में करीब 5 तोला सोने की आड़, 3 तोला सोने का शीशफूल, 3 तोला सोने की रखड़ी समेत अन्य कीमती आभूषण रखे हुए थे। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष ने कार का लॉक तोड़कर बैग और आभूषण चोरी कर लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रमेश के निर्देश पर चोरी के मामलों के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन अश्ववेग' के तहत जांच शुरू की गई। एएसपी हरफूल सिंह और डीएसपी बाबूलाल मुरारिया के सुपरविजन में जसोल थानाधिकारी शारदा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी एवं परंपरागत जांच का सहारा लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने जोधपुर के कुड़ी भगतासनी निवासी तुलसाराम उर्फ रामकिशोर और मधुबन कॉलोनी निवासी इंद्रा कंवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी तुलसाराम के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि इंद्रा कंवर के खिलाफ भी एक मामला दर्ज है। पुलिस अब चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।