राजधानी जयपुर में एक निजी स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र के साथ ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र के ही क्लासमेट ने उसका सिगरेट पीते हुए वीडियो बना लिया और उसे माता-पिता को भेजने व वायरल करने की धमकी देकर करीब 8 लाख रुपए के गहने और नकदी ऐंठ लिए। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित छात्र की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
वीडियो बनाकर शुरू की ब्लैकमेलिंग
पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका 16 वर्षीय बेटा एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र है। उसी स्कूल और कक्षा में पढ़ने वाला पड़ोसी छात्र उसका करीबी दोस्त था।
शिकायत के मुताबिक, जनवरी 2026 में आरोपी क्लासमेट ने छात्र का सिगरेट पीते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने वीडियो माता-पिता को भेजने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
डर के कारण घर से चुराए गहने
आरोप है कि आरोपी लगातार छात्र पर दबाव बनाता रहा और रुपए व गहने लाने के लिए मजबूर करता रहा। साथ ही जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं। डर और मानसिक दबाव में आकर छात्र ने घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी निकालकर आरोपी को देना शुरू कर दिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने छात्र से सोने की 7 अंगूठियां, 3 जोड़ी झुमके, 2 पेंडेंट, 1 कनौती सेट, चांदी का कड़ा सहित अन्य जेवर मंगवाए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है।
दूसरा दोस्त भी करने लगा ब्लैकमेल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि गहने लेने के बाद आरोपी क्लासमेट ने छात्र की मुलाकात अपने एक अन्य दोस्त से कराई। इसके बाद वह भी छात्र को ब्लैकमेल करने लगा और उसके माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगा।
जब छात्र ने बताया कि घर में अब कोई गहने नहीं बचे हैं, तो आरोपियों ने उसे मामा के घर से गहने लाने के लिए कहा। यहां तक कि उसे नकली गहने देकर असली गहनों से बदलने का तरीका भी बताया, ताकि किसी को शक न हो।
मानसिक तनाव के बाद परिजनों को बताई पूरी बात
लगातार धमकियों और ब्लैकमेलिंग से छात्र मानसिक तनाव में रहने लगा। उसके व्यवहार में बदलाव और गुमसुम रहने पर परिजनों ने कारण पूछा। काफी समझाने और दबाव देने पर छात्र ने पूरी घटना परिवार को बताई।
इसके बाद स्कूल में आरोपी छात्र और उसके परिजनों को बुलाया गया। शिकायत के अनुसार, स्कूल स्टाफ के सामने भी आरोपी ने चोरी कराए गए गहने अपने दोस्त को देने की बात स्वीकार की।
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ब्लैकमेलिंग, चोरी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामले की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की भूमिका और गहनों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।