जयपुर में 10वीं के छात्र को क्लासमेट ने बनाया ब्लैकमेल का शिकार: सिगरेट पीते वीडियो से डराकर 8 लाख के गहने ऐंठे
जयपुर में 10वीं कक्षा के एक छात्र को उसके ही क्लासमेट ने सिगरेट पीते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया।
राजधानी जयपुर में एक निजी स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र के साथ ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र के ही क्लासमेट ने उसका सिगरेट पीते हुए वीडियो बना लिया और उसे माता-पिता को भेजने व वायरल करने की धमकी देकर करीब 8 लाख रुपए के गहने और नकदी ऐंठ लिए। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित छात्र की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
वीडियो बनाकर शुरू की ब्लैकमेलिंग
पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका 16 वर्षीय बेटा एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र है। उसी स्कूल और कक्षा में पढ़ने वाला पड़ोसी छात्र उसका करीबी दोस्त था।
शिकायत के मुताबिक, जनवरी 2026 में आरोपी क्लासमेट ने छात्र का सिगरेट पीते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने वीडियो माता-पिता को भेजने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।